रुद्रपुर। जिले में वर्ष 2015 से अब तक मिले अज्ञात शवों की शिनाख्त के लिए पुलिस विभाग की ओर से आज से तीन माह का अभियान चलाया जाएगा। शवों की शिनाख्त के लिए एसएसपी डॉ. सदानंद दाते ने दो टीमों का गठन किया है।
अपराध की दृष्टि से बेहद संवेदनशील माने जाने वाले यूएसनगर में अब तक सैकड़ों अज्ञात शव पुलिस विभाग ने बरामद किए हैं। वर्ष 2015 से अब तक जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मिले 147 शवों की शिनाख्त काफी प्रयासों के बाद भी पुलिस नहीं कर पाई है। बीते वर्ष पुलिस लाइन के नाले में बंद बोरे में एक महिला का शव मिला था।
बेहद सुरक्षित माने जाने वाले पुलिस लाइन में भी शव मिलने के बाद हरकत में आई पुलिस ने शव की शिनाख्त के लिए कई प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। अब अज्ञात शवों की शिनाख्त के लिए एसएसपी डॉ. सदानंद दाते ने दो टीमों का गठन किया है।
एक टीम एसआई मनोज कुमार और दूसरी टीम एसआई जावेद हसन के नेेेतृत्व में तीन माह तक अभियान चलाकर शवों की शिनाख्त का प्रयास करेगी। दोनों टीमों में आठ कांस्टेबल शामिल किए गए हैं। एसएसपी ने बताया कि मंगलवार से टीमें अभियान शुरू करेगी। पुलिस लाइन में मिले शव की शिनाख्त करना टीम की प्राथमिकता होगी।