रुद्रपुर। सिडकुल में स्थापित उद्योगों में काम करने वाले श्रमिकों के लिए रोडवेज बसें निर्धारित स्टाप में रुकेेंगी। रोडवेज बस नहीं रोकने पर चालक, परिचालकों पर कार्रवाई होगी। परिवहन निगम के महाप्रबंधक (संचालन) ने सिडकुल आरएम के पत्र पर कार्रवाई करते इस संबंध में मंडलीय प्रबंधक संचालन और संबंधित डिपो के एआरएम को निर्देश दिए हैं। सिडकुल बस स्टॉप पर बस रुकवाने के लिए प्रवर्तन दल की तैनाती के निर्देश भी दिए गए हैं।
उन्होंने एआरएम को बस स्टॉप का आकस्मिक निरीक्षण कर एक हफ्ते के भीतर रिपोर्ट भेजने के निर्देश भी दिए हैं।
सिडकुल की कंपनियों में हजारों श्रमिक काम करते हैं। लेकिन सिडकुल स्टॉप पर रोडवेज बसें श्रमिकों के लिए नहीं रुकती हैं। कई बार रोडवेज अधिकारियों को शिकायतें करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो सका। मामला सिडकुल आरएम कमल किशोर के संज्ञान में आया तो उन्होंने महाप्रबंधक संचालन को पत्र लिखकर समस्या से अवगत कराया।
कहा कि यात्रियों के खड़े रहने के बावजूद सिडकुल स्टॉप पर निगम की बसें नहीं रुकती हैं। इससे कार्मिकों/श्रमिकों को यातायात सुविधा का लाभ नहीं मिल पाता है। निगम महाप्रबंधक (संचालन) दीपक जैन ने मंडलीय प्रबंधक (संचालन) नैनीताल मंडल के साथ ही रुद्रपुर, हल्द्वानी, काठगोदाम, अल्मोड़ा, भवाली, रानीखेत, ग्रामीण, पर्वतीय, रुड़की और हरिद्वार के सहायक महाप्रबंधक को निर्धारित स्टॉप पर बसें रुकवाने के निर्देश दिए।
कहा कि बस रुकवाने को प्रवर्तन दल के एक-दो कार्मिकों की अलग-अलग शिफ्ट में ड्यूटी लगवाएं। अगर बस नहीं रोकी जा रही हैं तो संबंधित चालक/परिचालक के खिलाफ कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। सिडकुल आरएम कमल किशोर ने बताया कि रोडवेज बसें रुकने से सिडकुल के कार्मिक/श्रमिकों को लाभ मिलेगा।