जिले कोरोना वैक्सीन की कमी के कारण सिर्फ सोमवार को भी 420 लोगों को ही टीका लग सका। इनमें 237 युवा और 45 वर्ष, इससे अधिक वर्ष के 183 लोग शामिल रहे। इधर, टीकाकरण का समय समाप्त होने के बाद शाम के समय जिले को 30 हजार कोरोना वैक्सीन उपलब्ध हुई। अब पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन होने से मंगलवार से टीकाकरण अभियान तेज होने की संभावना है।
रुद्रपुर समेत जिलेभर में सोमवार को अधिकतर टीकाकरण केंद्रों पर वैक्सीन उपलब्ध न होने के कारण सुनसानी पसरी रही। वैक्सीन लगवाने की आस में टीकाकरण केंद्रों में पहुंचे सैकड़ों लोग बैरंग लौटे। टीकाकरण अभियान के जिला नोडल अधिकारी डॉ. हरेंद्र मलिक ने कहा कि जिले में पिछले तीन दिनों से वैक्सीन की कमी थी। सोमवार को सिर्फ 420 डोज ही लग सकीं। अब जिले के लिए देहरादून से 30 हजार वैक्सीन उपलब्ध हो गई है। मंगलवार से टीकाकरण केंद्रों पर पहुंचने वाले सभी लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी।