रुद्रपुर। राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर शनिवार को एक होटल में 40 मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं के अधिकारों, शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। सम्मानित होने वाली छात्राओं में से तीन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं जिससे जिले का नाम रोशन हुआ है।
कार्यक्रम में वन दरोगा विशाखा दिवाकर ने अपने संघर्ष और सफलता की प्रेरक यात्रा साझा की। उन्होंने बताया कि माता-पिता के निधन के बाद भी उन्होंने विपरीत परिस्थितियों का सामना करते हुए निरंतर परिश्रम किया और उनका वन दरोगा के पद पर चयन हुआ है। जिला प्रोबेशन अधिकारी व्योमा जैन ने बालिकाओं के अधिकारों, संरक्षण और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की उपयोगिता बताई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. केके अग्रवाल ने कहा कि बालिकाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। उन्होंने पीसीपीएनडीटी अधिनियम के तहत लिंग परीक्षण जैसी अवैध गतिविधियों पर रोक के लिए सरकार की संचालित योजना की जानकारी देते हुए बताया कि सूचना देने वाले को 50 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
मुख्य शिक्षा अधिकारी केएस रावत ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बालिकाओं ने नए आयाम स्थापित किए हैं। इस मौके पर बिंदु वासिनी, नंदिनी तोमर, मुकुल चौधरी, भैरवदत्त पांडे, हिमांशु मुश्योनी, निधि शर्मा, प्रदीप मेहर आदि मौजूद रहे।
विद्यालय में पढ़कर नाम रोशन करने वालों को मिला सम्मान
- पीएम श्री नेहरू काॅलेज के प्रथम वार्षिकोत्सव में बच्चों ने मचाया धमाल
जसपुर। पीएम श्री नेहरू राजकीय इंटर कॉलेज महुआडाबरा के पहले वार्षिकोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। शनिवार को हुए कार्यक्रम में विद्यालय से अध्ययन कर विभिन्न क्षेत्रों में नाम रोशन करने वाले पूर्व छात्रों समेत 28 लोगों को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि विधायक आदेश सिंह चौहान ने विद्यालय को वाटर कूलर देने की घोषणा की। इसी तरह उत्तराखंड एससी आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार ने कबड्डी मेट, काशीपुर भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल ने सीएसआर फंड से मदद, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रीतम सिंह ने दो सोलर लाइट लगवाने की घोषणा की। प्रधानाचार्य बृजमोहन लाल ने अतिथियों को प्रतीक चिह्न भेंट किए। वहां पर चेतन चौहान, प्रभारी बीईओ हरिबाबू निरंजन, डाॅ. तजम्मुल हसन, नाजिम कमर, नफीस अहमद, राजेश चैधरी, स्वतंत्र कुमार मिश्रा, इल्मा परवीन आदि थीं।
झारखंड में प्रतिभा दिखाएगी रुद्रपुर की प्रिया
रुद्रपुर। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से झारखंड के रांची में होने वाली 69वीं राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में रुद्रपुर की प्रिया अपनी प्रतिभा दिखाएगी। प्रधानाचार्य प्रीति अग्रवाल ने बताया कि कक्षा 11 की छात्रा 27 जनवरी से 31 जनवरी तक होने वाली अंडर-17 बालिका हॉकी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी।
उर्वशी का राष्ट्रीय स्तर की एसजीएफआई प्रतियोगिता में चयन
खटीमा। केंद्रीय विद्यालय की 11वीं की छात्रा उर्वशी भट्ट ने पुणे में आयोजित एसजीएफआई ट्रायल में प्रतिभाग कर एसजीएफआई (स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया) के लिए क्वालीफाई किया है। प्रधानाचार्य त्रिभुवन प्रकाश आर्य ने बताया कि उर्वशी पुणे में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्तर की एसजीएफआई प्रतियोगिता में केंद्रीय पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय खटीमा का प्रतिनिधित्व करेगी।
पारस, ज्योति, मोहन, उपासना ने प्रतियोगिताओं में मारी बाजी
काशीपुर। राजकीय पॉलीटेक्निक में एनएसएस की ओर से मतदाता दिवस पर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को शपथ दिलाई गई। शनिवार को वाद-विवाद, ग्रुप डिस्कशन, निबंध, कला और गायन प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इस दौरान कला प्रतियोगिता में पारस कुमार प्रथम, इलमा द्वितीय, अदिबा तृतीय जबकि वाद-विवाद में ज्योति रानी प्रथम, पिंकी द्वितीय, साहिल सिंह बिष्ट तृतीय स्थान पर रहे। ग्रुप डिस्कशन में मोहन नाथ प्रथम, पिंकी द्वितीय, ओम रावत तृतीय, निबंध में ज्योति रानी पहले, पिंकी दूसरे, मनीषा नेगी तीसरे स्थान पर रहीं। गायन में उपासना पांडेय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रधानाचार्य बीपी सिंह ने विजेताओं को सम्मानित किया। वहां पर आईटी विभागाध्यक्ष जगदीश चंद्र पांडेय, नेहा बोरा, मनमोहन, इस्तिकार हुसैन आदि मौजूद रहे।