ऊर्जा निगम बकाएदारों से वसूली को लेकर गंभीर है। विभागीय टीम ने शहर में 37 बकाएदारों के कनेक्शन काटे और बिजली चोरी करते धरे गए तीन ग्रामीण उपभोक्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। एसडीओ अनुज कुमार त्रिपाठी ने कहा कि मार्च के अंत तक बिल बकाएदारों से शत-प्रतिशत वसूली की जाएगी। बिजली चोरी करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे।
एसडीओ अनुज ने शुक्रवार को विभागीय टीम के साथ शहर के वार्ड नंबर दो, तीन, चार, पांच, छह, नौ में बिजली बकाएदारों के खिलाफ अभियान चलाया। टीम ने 7.04 लाख रुपए के 37 बकाएदारों के कनेक्शन काटे। साथ ही करीब 2.01 लाख रुपए के बकाया बिलों की वसूली की। इसके बाद टीम ने गोठा, सिसैया गांव में चेकिंग अभियान चलाया। टीम ने गोठा गांव में रामचंद्र, सिसैया गांव में गौहर खां एवं अख्तर अली को कटिया डालकर बिजली चोरी करते पकड़ा। एसडीओ त्रिपाठी ने बताया कि बिजली चोरी के तीनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। कहा कि अभियान आगे भी जारी रहेगा। वहां पर जेई ताज मोहम्मद, लाइनमैन नानक चरन, सुरेंद्र कुमार आदि थे।