शेयर बाजार में निवेश के नाम पर मुनाफे का लालच देकर जल संस्थान के जेई को साइबर ठगों ने 36.79 लाख रुपये की चपत लगा दी। साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन मेंं अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। हल्द्वानी के थाना मुखानी के अमरावती काॅलोनी निवासी हरीश चंद्र जोशी ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में तहरीर दी। इसमें कहा कि 14 अप्रैल को उसे फेसबुक पर अनविका शर्मा नाम की आईडी से फ्रेंड रिक्वेस्ट आई।
उसने खुद को एक्सेंचर कंपनी में मुख्य साॅफ्टवेयर एक्जिक्यूटिव बताया था। उसने अपना व्हाट्सएप नंबर साझा किया था। इस पर उसकी अनविका से चैट हुई। उसने उनको शेयर ट्रेडिंग के बारे में बताया। उसने कहा कि वह एक वेबसाइट पर रुपये निवेश कर मुनाफा कमाती है। उसने उसे भी निवेश कर मुनाफा कमाने की सलाह दी।
अनविका की बातों में आकर उसकी ओर से से दिए वेबसाइट के लिंक को ओपन किया। इसके बाद अनविका ने उसकी वेबसाइट पर आईडी बना दी थी। उनको निवेश के संदेश आने शुरू हो गए थे। उनको निवेश के लिए कुछ खाता नंबर और यूपीआई आईडी वेबसाइट में चैट के माध्यम से साझा किए गए थे। इन पर उन्होंने 10 से 22 मई तक अपने अल्मोड़ा अर्बन कोऑपरेटिव बैंक हल्द्वानी और पीएनबी बैंक के खातों से 36 लाख 79 हजार 916 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इस वेबसाइट पर निवेश की गई धनराशि का मुनाफा 681238.46 डॉलर के रूप में प्रदर्शित हो रहा था। उन्होंने रुपये निकालने की कोशिश की लेकिन उनसे टैक्स के रूप में 47686 डॉलर मांगे गए। इस पर उन्हें ठगी का अहसास हुआ।
मामले में केस दर्ज कर विवेचना की जा रही है। बैंक खातों का ब्योरा लिया जा रहा है कि पैसा कहां-कहां ट्रासफर हुआ है।
-अरुण कुमार, प्रभारी निरीक्षक, कुमाऊं साइबर क्राइम थाना।