रुद्रपुर। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति योजना के तहत जिला स्तरीय चयन ट्रायल हुए। इनमें 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बालकों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में समस्त विकासखंडों, नगर निगमों और नगर पालिकाओं से कुल 346 बालक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
बुधवार को मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुए चयन प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों की शारीरिक दक्षता और खेल प्रतिभा का आकलन करना था। जिला खेल कार्यालय ने बालक वर्ग के चयन ट्रायलों का आयोजन किया। प्रतिभागी बालकों ने सभी परीक्षणों में उत्साहपूर्वक अपनी खेल प्रतिभा और शारीरिक दक्षता का प्रदर्शन किया।
चयन प्रक्रिया के अंतर्गत प्रतिभागियों की शारीरिक दक्षता और खेल प्रतिभा का आकलन करने के लिए विभिन्न परीक्षण आयोजित किए गए। इनमें 30 मीटर फ्लाइंग स्टार्ट, स्टैंडिंग ब्रॉड जंप और मेडिसिन बॉल थ्रो शामिल थे। इसके अतिरिक्त, 6 गुणा 10 मीटर शटल रन, फॉरवर्ड बेंड एंड रीच तथा 600 मीटर दौड़ भी कराई गई। इन परीक्षणों के माध्यम से बालकों की खेल क्षमता का मूल्यांकन किया गया।