रुद्रपुर में निकाय चुनावों को शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए पुलिस प्रशासन जहां आपराधिक मामलों में शामिल लोगों पर पैनी नजर बनाये हुए हैं वहीं निकाय चुनावों में दावेदारी करने वालों की कुंडली भी पुलिस द्वारा खंगाली जा रही है। शांति व्यवस्था के लिए पुलिस ने गुंडा एक्ट की कार्रवाई के लिए 12 लोगों के चिह्नित किया है जिनके खिलाफ पुलिस जल्द ही जिलाबदर की कार्रवाई करेगी।
निगम क्षेत्र के 40 वार्ड में बनाए जाने वाले 217 बूथों में से अति संवदेनशील 89 बूथों पर पुलिस की विशेष नजर है। निष्पक्ष चुनावों के लिए पुलिस प्रशासन ने विभिन्न वार्डों से दावेदारी कर रहे लोगों की कुंडली खंगालनी भी शुरू कर दी है इसके लिए पुलिस का खुफिया तंत्र भी विशेष सक्रिय है। इसके साथ ही संदिग्धों और वांछितों की धरपकड़ के लिए पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया है। चुनावों के दौरान शांति व्यवस्था के लिए आपराधिक मामलों में लिप्त रहे 12 लोगों को रुद्रपुर कोतवाली पुलिस द्वारा गुंडा एक्ट के लिए चिह्नित किया गया है जिनके खिलाफ पुलिस जल्द ही जिलाबदर की कार्रवाई करेगी। कोतवाल केसी भट्ट ने बताया कि जल्द ही कुछ लोगों को जिलाबदर किया जायेगा साथ ही दावेदारों के क्रिया कलापों पर भी नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही किच्छा थाना क्षेत्र से दो और सितारगंज थाना क्षेत्र से भी तीन लोगों को पुलिस जिलाबदर करने की कार्रवाई कर रही है। माना जा रहा है कि दशहरे के बाद पुलिस पूरी तरह से चुनावों के लिए रणनीति बनाकर बड़े स्तर पर अभियान चलाएगी।