काशीपुर के जंगल में भेड़ बकरी चराने गए एक वृद्ध पर बाघ ने हमला बोल दिया। हमले में वृद्ध के सिर, पीठ और जांघ आदि पर जख्म हो गए हैं। मौके पर मौजूद पत्नी और पौत्र ने बाघ पर पथराव किया, जिस पर बाघ एक बकरी को मुंह में दबाकर भाग खड़ा हुआ। सूचना पर पहुंचे परिजन घायल वृद्ध को काशीपुर अस्पताल ले आए, जहां से उसे गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कालागढ़ के ग्राम कल्लूवाला-नारायण वाला निवासी महावीर (65) पुत्र छज्जू सिंह सोमवार को अपनी पत्नी रामवती (60) और पौत्र शिवम (17) के साथ भेड़ बकरी चराने डैम के पास जंगल में गया था। दोपहर करीब दो बजे एक बाघ ने अचानक उस पर हमला बोला, जिस पर महावीर चीखने लगा। पत्नी और पौत्र ने बाघ पर पत्थरों से हमला बोल दिया, जिस पर बाघ ने वृद्ध को छोड़ दिया। जाते-जाते बाघ एक बकरी को मुंह में दबाकर ले गया। शिवम ने फोन पर घटना की सूचना अपने पिता राकेश को दी। वहां पहुंचे राकेश और गांव के लोगों ने घायल वृद्ध को काशीपुर राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे मुरादाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।