जसपुर। पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद भगत सिंह कोश्यारी ने ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर समस्याएं सुनीं। रविवार को चीनी मिल नादेही के गेस्ट हाउस पहुंचे सांसद भगत सिंह कोश्यारी का भाजपाइयों ने स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने ग्राम पतरामपुर, रामनगर वन, रायपुर, धर्मपुर, पूरनपुर का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने सांसद से बिजली, पानी, राशन कार्ड आदि की समस्याएं रखीं। ग्रामीणों ने टूटी सड़कों को भी बनवाने की मांग की। कोश्यारी ने कई मामलों में संबंधित अधिकारियों को फोन कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़कें बनवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की योजनाओं को घर-घर पहुंचाने को कहा। पूर्व विधायक डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान बलराम तोमर, वीरेंद्र सिंह, प्रेम सहोता, सुरेंद्र चौहान, मनोज पाल, वीरेंद्र सिंह, डॉ. सुदेश कुमार आदि थे।