रुद्रपुर। 31वीं वाहिनी पीएसी में तीन दिवसीय तृतीय प्रादेशिक अंतर जनपदीय वाहिनी पुलिस हैंडबाल व बास्केटबाल क्लस्टर प्रतियोगिता शुरू हो गई। मंगलवार को प्रतियोगिता का शुभारंभ आईजी पीएसी/कार्मिक सुनील कुमार मीणा ने किया। हैंडबाल प्रतियोगिता के पहले मैच में 31वीं वाहिनी पीएसी ने आईआरबी द्वितीय हरिद्वार को हराया। पीएसी ने सात गोल अर्जित किए।
मंंगलवार को उद्घाटन के मौके पर आईजी मीणा ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल प्रतिभा को निखारता है बल्कि व्यक्ति को फिट भी रखता है। जवानों को खेल को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। वहीं बास्केटबाल का पहला मुकाबला पिथौरागढ़ व चंपावत के बीच मैच खेला गया। इसमें चंपावत विजेता रही। तीन दिनों तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में उत्तराखंड पुलिस (जनपद/वाहिनी) की नौ टीमों के 144 खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। समापन समारोह की मुख्य अतिथि आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती होंगी। इस मौके पर 31वीं वाहिनी के सेनानायक देवेंद्र पींचा, 46वीं वाहिनी के सेनानायक पंकज भट्ट, सेनानायक आईआरबी बैलपड़ाव डॉ. हरीश वर्मा, उप सेनानायक मिथिलेश कुमार, विमल कुमार आचार्य, विमल रावत, प्रतिमा भट्ट, हीरा सिंह जलाल आदि मौजूद रहे।