एंटी माइनिंग सेल की टीम ने शांतिपुरी क्षेत्र में स्थित खनन पट्टों और स्टॉकों में दूसरे दिन भी छापेमारी जारी रखी। टीम ने खनन पट्टा क्षेत्र में दूसरे दिन भी छापेमारी अभियान चलाया। जिसमें पट्टा क्षेत्र सीमा से बाहर 18 हजार घन मीटर अवैध खनन मिलने पर 3 पट्टे और 3 स्टॉक सीज कर दिए हैं। स्टॉकिस्टों और पट्टा धारकों पर 2 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है। दो दिन की कार्रवाई में तीन जेसीबी भी सीज की गई हैं।
बृहस्पतिवार को एंटी माइनिंग सेल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय गुंज्याल ने अपनी टीम के साथ शांतिपुरी नंबर 3, चंद्रपुरी, गांधीनगर स्थित कुमाऊं मंडल विकास निगम, संदीप कार्की और लक्ष्मी पपोला के खनन पट्टों में छापा मारा। छापे में पट्टा सीमा क्षेत्र के बाहर जेसीबी से अवैध खनन होता पाया गया। इसके बाद मान सिंह, राजू पटवाल और एनएस ट्रेडर्स के स्टॉक में छापा मारा। जिसमें तीनों स्टॉकों में भारी मात्रा में अवैध भंडारण पाया गया। आनंदपुर किच्छा स्थित न्यू तराई स्टोन क्रशर और शुभम स्टोन क्रशर में छापेमारी की मगर क्रशरों में अवैध स्टॉक नहीं पाया गया। टीम को जांच में पता चला कि करीब 200 बुग्गी चालक गौला नदी में जाकर अवैध खनन कर रहे हैं। जिस पर सेल प्रभारी गुंज्याल ने बुग्गी चालकों को एक दिन में नदी क्षेत्र खाली करने के आदेश दिए। सेल प्रभारी गुंज्याल ने बताया कि दो दिन की छापेमारी में टीम ने 18 हजार घन मीटर अवैध खनन खनन पकड़ा। जिस पर तीन स्टॉक और तीन पट्टा धारकों में 2 करोड़ का जुर्माना डाला गया है। उन्होंने बताया कि सीज किए गए प्रतिष्ठानों में पीएसी तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। टीम में निरीक्षक संजय उप्रेती, उप निरीक्षक नीलाभ खाली, शेख मसूद, कास्टेबल अनुज सेमवाल, बिनेश रावत, नसीम अहमद, अवतार सिंह, अरविंद कुमार, मोहन चंद मौजूद रहे।