रुद्रपुर। जापान में नौकरी करने के लिए जिले के 240 युवाओं ने आवेदन किया है। जिला सेवायोजन कार्यालय से 38 व अपणि सरकार पोर्टल से 202 युवाओं ने आवेदन किया है। शॉर्टलिस्ट के बाद देहरादून में विदेश प्रकोष्ठ कार्यालय में युवाओं को चार महीने का जापानी और अंग्रेजी भाषा के साथ व्यक्तित्व विकास का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
बुजुर्गों की सेवा करने के लिए उत्तराखंड में 21 से 27 वर्ष के युवाओं के लिए नौकरियां निकली हैं। विदेश में रोजगार के इच्छुक युवाओं को 90 हजार से डेढ़ लाख रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा।
मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत भारत-जापान तकनीकी इंटर्न प्रशिक्षण कार्यक्रम में पंजीकरण शुरू हो गए हैं। इसमें युवाओं को पांच साल इंटर्न के रूप में रखा जाएगा। बीएसएसी नर्सिंग, जीएनएम, एएनएम, आयुष में एक साल का प्रमाणित कोर्स करने वाले युवा नौकरी के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं जिन युवाओं ने कौशल विकास केंद्रों में जनरल ड्यूटी एसिस्टेंट (जीडीए), होम हेल्थ एड या अन्य हेल्थ प्रमोशन कोर्स उत्तीर्ण किए हैं। वह अपणि सरकार पोर्टल में ऑनलाइन आवेदन या सेवायोजन कार्यालय में पंजीकरण करा सकते हैं।
चार माह के प्रशिक्षण के बाद युवाओं का टेस्ट लिया जाएगा। इसमें उत्तीर्ण होने पर सरकार की ओर से पांच साल का वीजा दिया जाएगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी आरके पंत ने बताया कि जापान में नौकरी के लिए जिला सेवायोजना कार्यालय व अपणि सरकार पोर्टल से खुद आवेदन कर सकते हैं।