खटीमा में नगरा तराई सीएम आवास में लोगों की समस्याएं सुनते सीएम पुष्कर सिंह धामी। संवादखटीमा में
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नगरा तराई स्थित आवास पर सुबह से ही फरियादियों और उन्हें एक साल के कार्यकाल की बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। ऊधमसिंह नगर के अलावा चंपावत, पिथौरागढ़ के बड़ी संख्या में लोग सीएम आवास पहुंचे। लोहियाहेड स्थित विश्राम गृह में सीएम ने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
सीएम धामी को सौंपे ज्ञापन में स्टांप वेंडर मंगल कुमार के घर की महिलाओं ने स्वयं के परिवार को भू-माफियाओं के चंगुल से बचाने और न्याय दिलाने की मांग की। राजकीय शिक्षक संघ की पूर्व प्रांतीय कोषाध्यक्ष एकता रस्तोगी ने शनिवार को नगरा तराई स्थित सीएम आवास पहुंचकर सीएम को ज्ञापन सौंपा। कहा कि वर्ष 2022-23 के सीबीएसई परीक्षा परिणाम असंतोषजनक होने के कारण अटल उत्कृष्ट विद्यालयों की छुट्टियां रद्द की गई हैं लेकिन उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों के कारण अधिकतर छात्र-छात्राएं विद्यालय नहीं आ रहे है। उन्होंने ऐसी स्थिति में शिक्षक-शिक्षिकाओं को ऑनलाइन पढ़ाई की अनुमति देने की मांग की है। ग्राम दाह ढाकी के ग्रामीणों ने राज्य किसान आयोग सदस्य कारज गिल की देखरेख में सीएम आवास पहुंचकर संत फांसिस असीसी चर्च ग्राम दाह फार्म के कब्रिस्तान की चहारदीवारी निर्माण को लेकर सीएम धामी को ज्ञापन सौंपा। वहां पीटर मसीह, डेनियल मसीह, दर्शन मसीह, अनीश, जेक्स मसीह, सुनीता, फीका आदि थे।
घर के आंगन में आम से लदे पेड़ देख सीएम खुश
खटीमा। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार देर शाम अपने निजी आवास नगरा तराई पहुंचे। इस दौरान सीएम धामी अपने आंगन में लगे आम के पेड़ों पर फल देखते हुए खुशी व्यक्त की। वहां विधायक शिव अरोरा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, जिलाधिकारी युगल किशोर पंत, एसएसपी मंजूनाथ टीसी, सीडीओ विशाल मिश्रा आदि थे।