रुद्रपुर। निकाय चुनाव से पहले परिसीमन का नोटिफिकेशन रद्द होने से रुद्रपुर नगर निगम में शामिल 11 गांव फिर से कट गए हैं। इसके साथ ही नगर निगम के वार्डोें की संख्या भी फिलहाल 40 से घटकर 20 हो गई है। परिसीमन रद्द होने से निकाय चुनाव तैयारियों में जुटे प्रत्याशियों को एक बार फिर झटका लगा है।
वर्तमान स्थिति के तहत यदि यही निर्णय रहा तो निकाय चुनाव को लेकर दोबारा नई मशक्कत करनी पड़ेगी। साथ ही मेयर पद और वार्डों के आरक्षण की तस्वीर साफ होने के बाद तैयारियों में जुटे दावेदारों को झटका लगा है। वार्डों के घटकर फिर से 20 रह जाने से पार्षद बनने का सपना देख रहे लोगों के भी सपने टूटेंगे।
बता दें कि निकाय चुनाव को लेकर अब तक पिछड़ी जाति के सर्वे, 11 गांवों के बाद शहरी क्षेत्र में शामिल, आपत्तियों की सुनवाई, वार्डों के गठन जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जा चुके हैं। नये परिसीमन के बाद शहरी आबादी एक लाख 75 हजार 723 पहुंच गई थी।
अब शहरी क्षेत्र का दायरा घटने से मेयर पद के कई दावेदारों का वोट बैंक घट-बढ़ सकता है। इस संबंध में मुख्य नगर आयुक्त जयभारत सिंह ने कहा कि फिलहाल इस संबंध में उन्हें कोई लिखित सूचना प्राप्त नहीं हुई है।
किच्छा में 20 से घटकर 13 रह गए वार्ड
रुद्रपुर। किच्छा नगर पालिका का भी परिसीमन होने के बाद वार्डों की संख्या 13 से बढ़ाकर 20 कर दी गई थी। परिसीमन के बाद पालिकाध्यक्ष की सीट एससी के लिए आरक्षित कर दी गई थी। 20 वार्डों में से 12 वार्ड अनारक्षित किए गए थे। हालांकि परिसीमन रद्द होने की वजह से यहां भी वार्डों की संख्या एक बार फिर 13 रह जाएगी।