काशीपुर। वक्फ बोर्ड की संपत्ति का निरीक्षण करने आए बोर्ड के मुख्य कार्यपालक एवं इंस्पेक्टर के सामने ही लाठी-डंडे लेकर आए लोगों ने वक्फ बोर्ड के मामले की शिकायतकर्ता से अभद्रता कर दी। दोनों अधिकारियों के बीचबचाव करने पर मामला शांत हुआ। शिकायत करने वाले व्यक्ति को मामूली चोटें आईं। मंगलवार की सुबह वक्फ बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अब्दुल कलीम अंसारी, बोर्ड के इंस्पेक्टर मोहम्मद अली जसपुर प्राइवेट बस अड्डा स्थित वक्फ बोर्ड की संपत्ति देखने आए थे। अली अनवर की शिकायत पर वक्फ बोर्ड 15 किराएदारों से 12 लाख की बकाया वसूली समेत दुकानें खाली कराएगा। इसलिए वह काजीबाग निवासी अनवर के साथ मोहल्ले की मस्जिद समेत कई परिसरों में गए। मौके पर मौजूद लोगों ने शिकायतकर्ता अनवर को मुख्य कार्यपालक के साथ देखा तो वह भड़क गए। उन्होंने अनवर से अभद्रता, धक्का-मुक्की की और लाठी-डंडों से मारपीट पर आमादा हो गए। झगड़े से बचने के लिए वक्फ बोर्ड के अधिकारी किसी की बात सुने बिना लौट गए।