इस बार का लोकसभा चुनाव कई मायनों में सितारगंज विधानसभा के लिए खास रहा। लोकसभा चुनाव में सितारगंज विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मतदान प्रतिशत की बात करें तो इस इस बार के मत प्रतिशत ने वर्ष 2017 विधानसभा चुनाव के आंकड़े को पीछे छोड़ दिया है। शक्तिफार्म क्षेत्र में भी बंपर मतदान दर्ज किया गया, जो कि सितारगंज विधानसभा का भी सर्वाधिक रहा।
चुनाव आयोग से जारी आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2017 में सितारगंज विधानसभा क्षेत्र में कुल 87,460 लोगों ने वोट डाला था। वहीं, लोकसभा चुनाव में इस बार 87,484 मतदाताओं ने वोट दिया।
हालांकि मतदान प्रतिशत पिछली बार विधानसभा चुनाव की तुलना में कम रहा। वर्ष 2017 विधानसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत 81.31 रहा था, जबकि इस बार लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत 79.37 रहा। हालांकि सितारगंज विधानसभा में वर्ष 2017 में कुल मतदाता 1,07,570 थे जबकि लोकसभा चुनाव में इस बार कुल मतदाता 1,11,322 रहे। पिछले दो वर्षों में 3752 नए मतदाताओं के नाम लिस्ट में जोड़े गए।
लोकसभा चुनाव की बात करें तो शक्तिफार्म के सेक्टर चार में बनाए गए रतनफार्म बूथ पर रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया। इस बूथ पर मतदान प्रतिशत 88.25 रहा। इसमें 3719 महिलाओं और 4277 पुरुष (कुल 7996) ने मतदान किया। प्रतिशत के हिसाब से सेक्टर तीन में ही बनाए गए शक्तिफार्म नंबर-1 में सबसे अधिक मतदान हुआ। यहां मतदान प्रतिशत 87.95 रहा। यहां 4230 महिलाओं और 5083 पुरुषों (कुल 9313) ने वोट डाला।
वहीं, सबसे कम मतदान प्रतिशत की बात करें तो सितारगंज के सेक्टर 6 में बनाए गए राजकीय इंटर कॉलेज बूथ में मतदान प्रतिशत सबसे कम रहा। यहां मतदान प्रतिशत 72.08 दर्ज किया गया।