गदरपुर। नगर पालिका में नवनिर्वाचित कांग्रेस और भाजपा सभासदों में शपथ कार्यक्रम को लेकर खींचतान नजर आ रही है।
कांग्रेस से निर्वाचित सभासदों ने शपथ ग्रहण समारोह में कैबिनेट मंत्री की मौजूदगी को लेकर जहां आंखें तरेरी हैं, वहीं भाजपा से निर्वाचित सभासदों ने कैबिनेट मंत्री की ओर से शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत करना पालिका हित में बताया है।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष जितेंद्र शर्मा सोनू की ओर से कांग्रेस सभासदों के साथ बैठक कर शपथ कार्यक्रम को लेकर विचार विमर्श किया गया।
बैठक में कांग्रेस सभासदों ने संगठन से मिले दिशा निर्देशों के अनुरूप कार्यक्रम में सहभागिता प्रदान किए जाने की बात कही है। बता दें कि नगरपालिका चुनाव में पालिका के 11 वार्डों में सभासद पद पर कांग्रेस से छह, भाजपा के तीन एवं दो निर्दलीयों ने जीत हासिल की थी।
वहीं, पालिकाध्यक्ष गुलाम गौस ने सभी सभासदों से दलगत भावना से ऊपर उठकर नगर के विकास के लिए एकमत होकर शपथ ग्रहण कार्यक्रम में सहभागिता प्रदान करने की बात कही है।