काशीपुर। प्रभारी निदेशक उच्च शिक्षा के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम ने राधे हरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय पहुंचकर सेवानिवृत्त और निलंबित प्राचार्य के कार्यों के दस्तावेजों की जांच की।
बृहस्पतिवार को प्रभारी निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. जगदीश चंद घिल्ड़ियाल टीम के साथ राजकीय महाविद्यालय पहुंचे। कॉलेज की प्रभारी प्राचार्य डॉ. कमला शर्मा ने बताया कि टीम ने तत्कालीन प्राचार्य डॉ. अर्जुन सिंह सिराड़ी की ओर से सत्र 2016-17, 2017-18 में किए गए कार्यों की जांच की। उन्होंने इस अवधि में पुस्तकालय में खरीदी गई किताबों, कॉशनमनी और वार्षिकोत्सव में किए गए खर्चों की जानकारी ली।
साथ ही बिल वाउचरों सहित रजिस्टरों और अन्य दस्तावेजों की पड़ताल की। टीम ने पिछले दो साल के वार्षिकोत्सव और इस वर्ष वार्षिकोत्सव में हुए खर्च का मिलान किया। कुछ रिकॉर्ड नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। इसके अलावा बीते वर्ष सांस्कृतिक कार्यक्रम और छात्रसंघ चुनाव में हुए खर्चों के दस्तावेजों की जांचकर संबंधित अधिकारियों से पूछताछ की।
निरीक्षण के बारे में प्रभारी निदेशक उच्च शिक्षा ने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। टीम में हल्द्वानी एमबी महाविद्यालय की प्राचार्य रेखा पांडे, वित्तीय अधिकारी उच्च शिक्षा जयंती हयांकी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी डीएस बगड़वाल आदि थे।