काशीपुर। ग्राम मिस्सरवाला में शार्ट सर्किट से एक मकान में आग लग गई। आग से करीब 60 हजार रुपये की नकदी और लाखों रुपये मूल्य का सामान जल गया।
कुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम मिस्सरवाला निवासी जावेद गांव में डिश केबल का काम करता है। शुक्रवार की शाम वह किसी काम से काशीपुर आया था। उसकी पत्नी शायरुन पड़ोस में अपनी मां के घर गई थी। इसी दौरान शाम करीब पांच बजे उसके मकान से आग की लपटें उठती दिखाई दीं। कई लोगों ने पानी की टोटियों में पाइप लगाकर जैसे-तैसे आग पर काबू पाया।
आग में जलकर घर में रखी साठ हजार रुपये की नकदी, सोने के झुमके, गले का लाकेट, फ्रिज, एलसीडी, डीवीडी, अलमारी, कूलर, बर्तन व घरेलू सामान जलकर राख हो गया। गृह स्वामी ने बताया कि आग से तकरीबन तीन लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। मामले की सूचना तहसीलदार जसपुर को दे दी गई है। प्रथम दृष्टया आग का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।