रुद्रपुर। एनएच 74 घोटाले की जांच में जुटी एसआईटी को कोषागार के डबल लॉक में रखे दस्तावेज देने की सहमति के बाद शुक्रवार को जिला और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने संयुक्त बैठक की।
बैठक में उप जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व प्रताप शाह ने बताया कि जांच में पारदर्शिता लाने के लिए डबल लॉक में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। सीसीटीवी की निगरानी में ही एसआइटी को जिन दस्तावेज की जरूरत होगी उन्हीं की फोटो कॉपी दी जायेगी। मूल दस्तावेज डबल लॉक में ही रहेंगे।
दस्तावेजों की फोटो स्टेट करने के लिए डबल लॉक परिसर में फोटो स्टेट मशीन की व्यवस्था भी की गई है। एसपी क्राइम कमलेश उपाध्याय ने बताया कि जल्द ही एसआईटी डबल लॉक के दस्तावेजों को अपने कब्जे में लेकर जांच को आगे बढ़ाएगी। बैठक में सीओ यातायात नवीन चंद्र, कोषाधिकारी भूपेंद्र कांडपाल, एसएलओ एबी नबियाल, एसडीएम नजूल जगदीश कांडपाल भी मौजूद रहे।