पंतनगर। जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विवि के 20 छात्र आधुनिक कृषि तकनीकों में इंटर्नशिप प्रशिक्षण के लिए फ्रांस रवाना होंगे। यह पहल फ्रांस के मिनिस्ट्री ऑफ एग्रीकल्चर एंड फूड सोवियरिंटी ऑफ फ्रांस और पंतनगर विवि के बीच हुए सहयोगात्मक समझौते का हिस्सा है।
हाल ही में हुए इस एमओयू के तहत चयनित छात्र फ्रांस के विभिन्न संस्थानों में डेफिया कंसोर्टियम के तहत एक माह का इंटर्नशिप प्रशिक्षण लेंगे। आठ मार्च से तीन अप्रैल तक चलने वाले इस प्रशिक्षण का उद्देश्य छात्रों को खाद्य विज्ञान, खाद्य प्रौद्योगिकी और कृषि में नवीन प्रगतियों से संबंधित व्यावहारिक एवं पेशेवर अनुभव प्रदान करना है।
विवि में अंतरराष्ट्रीय मामलों के निदेशक डॉ. एचजे शिवा प्रसाद और डेफियां समिति के सदस्यों ने कार्यक्रम का महत्व बताते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण खाद्य विज्ञान और खाद्य प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में छात्रों के व्यावहारिक कौशल को सुदृढ़ करेगा। चयनित छात्र कृषि, प्रौद्योगिकी, एग्रीबिजनेस, सामुदायिक विज्ञान, जैव प्रौद्योगिकी, मत्स्य विज्ञान एवं पशु चिकित्सा जैसे विभिन्न विषयों से हैं। विवि के कुलपति डाॅ. मनमोहन सिंह चौहान ने चयनित छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय सहयोग छात्रों की शैक्षणिक, व्यावहारिक दक्षता बढ़ाने सहित भारत व फ्रांस के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी प्रोत्साहित करते हैं। यह कार्यक्रम छात्रों के समग्र विकास और ज्ञान-वृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
इन विद्यार्थियों का हुआ है चयन
वेटरिनरी कॉलेज से मेघा पुरोहित, ऋषभ सरवाल, देवाशीष नाथ महंत, अनुमय सिंह भंडारी, गरिमा राणा व मेधावी नैनवाल का चयन हुआ है। कृषि महाविद्यालय से ऋति पॉल, गगन त्रिपाठी, सुरेंद्र धामी, दिया यादव, शांभवी एवं समिष्ठा भट्ट को चयनित किया गया है। टेक्नोलॉजी कॉलेज से सिदरा मलिक एवं कनिष्क धाका, फिशरीज कॉलेज से प्रेना शर्मा, कम्युनिटी साइंस से एंजेला अहांथेम एवं दिपांशी बमेठा, सीबीएसएच से भारती कुंवर एवं मानसी नेगी सहित सीएबीएम से भाग्यश्री उपाध्याय का चयन हुआ है।