गदरपुर। रोडवेज बस चलाते समय मोबाइल पर बात करना चालक को महंगा पकड़ा गया। यात्रा कर रहे एक जागरूक यात्री ने चालक की मोबाइल पर बात करते हुए वीडियो क्लिप बनाकर निगम अधिकारियों को भेजी थी। इसके बाद चालक पर पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
गदरपुर निवासी राहुल कुमार बीती 19 मई को हरिद्वार डिपो की अनुबंधित बस (यूके 07 पीए-2010) में गदरपुर से रुद्रपुर के लिए यात्रा कर रहे थे। इस दौरान चालक बस चलाते समय मोबाइल पर बात कर रहा था।
करीब 15 से 20 मिनट तक फोन पर बात कर रहे बस चालक की राहुल ने तीन मिनट की वीडियो क्लिप बनाकर परिवहन निगम के उच्चाधिकारियों को भेजी थी। वीडियो क्लिप की जांच के बाद बस चालक वीरेंद्र सिंह को बस चलाते समय मोबाइल से बात करने का दोषी पाया गया।
इस पर उत्तराखंड परिवहन निगम हरिद्वार डिपो के सहायक महाप्रबंधक ने आदेश में बस चालक वीरेंद्र सिंह पर पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। आदेश में कहा गया है कि आरोपी अनुबंधित बस का चालक है। जुर्माने की कटौती अनुबंधित बस के बिलों से की जाएगी।