जसपुर में तीन दिन पूर्व घर से फरार प्रेमी युगल कोतवाली पहुंचा। घंटों चली पंचायत में कोई निर्णय नहीं हो सका। प्रेमिका अपने प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ी रही। पुलिस प्रेमिका को उसके बयानों के लिए अदालत में पेश करेगी। सूत मिल पुलिस चौकी क्षेत्र के एक ग्रामीण ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम रहमापुर निवासी विपिन कुमार उसकी पुत्री को बहला-फुसलाकर ले गया है। रविवार को प्रेमी युगल कोतवाली पहुंचा। उसके कोतवाली पहुंचने की सूचना मिलने पर दोनों पक्षों के लोग वहां पहुंच गए। घंटों पंचायत की किंतु कोई नतीजा नहीं निकला। पंचायत में प्रेमी युगल ने कहा कि उन्होंने बिजनौर यूपी के आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली है। प्रेमिका ने कहा कि उसका बीते पांच वर्षों से विपिन से प्रेम प्रसंग चल रहा है। वह गर्भवती है। अब उसी के साथ जाएगी। दोनों का धर्म एक है किंतु जातियां अलग-अलग हैं। इसलिए दोनों पक्ष विरोध कर रहे हैं। एसएसआई कमलेश भट् ने बताया कि मेडिकल परीक्षण में युवती का गर्भवती होना पाया गया है। युवती को अदालत में उसके बयानों के लिए पेश किया जाएगा।