सब्सिडी युक्त यूरिया की सप्लाई का आरोप, हंगामा
नमूने भरे, ट्रक को कब्जे में लिया
अमर उजाला ब्यूरो
रुद्रपुर। सिडकुल स्थित शिरडी इंडस्ट्री लिमिटेड में बुधवार सुबह यूरिया की सप्लाई के विरोध में हंगामा हो गया। पुलिस की मौजूदगी में कृषि विभाग ने यूरिया के नमूने लिए।
सिडकुल सेक्टर-नौ स्थित फैक्ट्री में बुधवार सुबह ट्रक एनएल02के 8175 यूरिया लेकर पहुंचा। कुछ लोगों ने हंगामा कर आरोप लगाया कि सब्सिडी वाली यूरिया का इस्तेमाल फैक्ट्री में किया जा रहा है। सूचना पर सिडकुल चौकी पुलिस फैक्ट्री पहुंची। सीएओ डॉ. अभय सक्सेना ने यूरिया के सैंपल भरे। इसके बाद पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। सिडकुुल चौकी इंचार्ज केजी कांडपाल ने बताया कि रणजीत सिंह नामक व्यक्ति ने फैक्ट्री में सब्सिडी युक्त यूरिया की अवैध सप्लाई की सूचना दी थी। सैंपलों की जांच रिपोर्ट के बाद ही कार्रवाई की जाएगी। इधर, कंपनी के एचआर हेड अजय तिवारी ने कहा कि सुबह के समय चार-पांच लोगों ने सब्सिडी युक्त खाद की सप्लाई का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। यह आरोप पूरी तरह निराधार है। उन्होंने कहा कि यह यूरिया व्यावसायिक इस्तेमाल वाली यूरिया है।
इनसेट कोट
प्रथम दृष्टया ट्रक में मिली यूरिया व्यावसायिक इस्तेमाल वाली प्रतीत हो रही है। यह यूरिया उद्योगों में इस्तेमाल होती है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही असलियत का पता चल सकेगा।
डॉ. अभय सक्सेना, मुख्य कृषि अधिकारी, ऊधम सिंह नगर
------------------------------------------
फोटो- 14 आरडीपी 12 पी- सिडकुल सेक्टर 9 स्थित फैक्ट्री में खड़ा यूरिया का ट्रक।