शक्तिफार्म। प्रदेश के शिक्षा एवं खेल मंत्री अरविंद पांडेय ने शक्तिफार्म आदर्श बालिका राइंका में अगले सत्र से कृषि और गृहविज्ञान की कक्षाएं आरंभ करवाने की घोषणा की है। इसके साथ ही विधायक सौरभ बहुगुणा की मांग पर नगर में मिनी स्टेडियम बनाए जाने की घोषणा भी की। पांडेय शनिवार को जीजीआईसी के वार्षिकोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे।
राइंका परिसर में हुए कार्यक्रम में छात्राओं ने राजस्थानी, कुमाऊंनी, भोजपुरी, बांग्ला लोक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियां पेश कीं। प्रधानाध्यापिका शशिकला सिंह ने स्कूल से संबधित 9 सूत्री मांगपत्र मंत्री को सौंपा। विधायक बहुगुणा ने बालिका स्कूल में खेल मैदान की जरूरत को पूरा करने के लिए स्कूल के पास स्थित सरकारी भूमि को खेल मैदान के रूप में विकसित करने की मांग की।
शिक्षा मंत्री ने एसडीएम निर्मला बिष्ट और सीईओ होरीलाल गौतम को दो दिन के भीतर सरकारी भूमि पर खेल मैदान बनाने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीईओ से उद्योगों के सीएसआर कार्य के तहत स्कूल में विज्ञान एवं कंप्यूटर लैब बनवाने के निर्देश दिए।
शिक्षा मंत्री ने दसवीं बोर्ड परीक्षा में मेरिट में नाम दर्ज कराने वाली राखी राय और इंटरमीडिएट में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली मनीषा बिष्ट को सम्मानित किया। विशिष्ट अतिथि पूर्व सांसद बलराज पासी, पूर्व राज्यमंत्री प्रेम प्रकाश सिंह ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
वहां पर चेयरमैन सुकांत ब्रह्म, सितारगंज पालिकाध्यक्ष हरीश दूबे, डीईओ बेसिक रवि मेहता, बीईओ इंद्रजीत सिंह चौहान, उप शिक्षाधिकारी सुषमा गौरव, नीता जोशी, दिनेश सिंह, गोपाल रावत, रवीन खान, मयंक अग्रवाल, देबू मंडल आदि थे।
व्यायाम प्रवक्ता पदों पर नियुक्ति की मांग
सितारगंज। बीपीएड, एमपीएड प्रशिक्षित बेरोजगार संगठन ने शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय को व्यायाम के प्रवक्ता पदों पर नियुक्ति कराने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। वहां पर रतन लाल, गंगावती राना, अविनेश, राजू गोस्वामी, सुभाष सिंह, योगेश सिंह, विमलेश कांत, भगवान सिंह आदि थे।
52 शिक्षकों को किया सम्मानित
शक्तिफार्म। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में आयोजित एक कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री ने सितारगंज ब्लॉक के 52 शिक्षकों को विद्यालय में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में कार्यरत शिक्षक सबसे कर्मठ होते हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने ही शिक्षा विभाग को चौपट कर रखा है। दोषी पाए जाने पर कोई भी अधिकारी बख्शा नहीं जाएगा।
शिक्षा मंत्री ने सतीश राणा, विजया पंत, शशिकला सिंह, प्रशांत विश्वास, सुमन बिष्ट, रामजनम चौहान, पूजा मेहरोत्रा, ज्योति मेहरा, पूनम मिश्रा, राजेन्द्र कार्की, अनिल श्रेष्ठ, धर्म सिंह राणा, सत्यपाल सिंह, मनोज सक्सेना, सूरज सक्सेना, जसोद मेहता, अरविंद गिरी आदि अध्यापकों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।