रुद्रपुर। नैैनीताल रोड स्थित तीन सितारा होटल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान चार साल का मासूम छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मासूम के परिजनों ने होटल प्रबंधन और इवेंट कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस को फिलहाल मामले की तहरीर नहीं दी गई है।
रविवार शाम को एक इवेंट कंपनी की ओर से फ्री हॉलीडे पैकेज देने के नाम पर नैनीताल रोड स्थित एक तीन सितारा होटल में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में आवास विकास निवासी योगेश शर्मा भी पत्नी और दो बच्चों के साथ पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान योगेश का चार वर्षीय पुत्र धैर्य कार्यक्रम स्थल के आसपास खेल रहा था, जिसका ध्यान रखने की बात होटल के एक कर्मचारी ने कही थी।
आरोप है कि होटल कर्मचारी ने धैर्य का ध्यान नहीं रखा और धैर्य खेलते-खेलते टेरिस की तरफ चला गया और कुछ ही देर बाद नीचे गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गया। धैर्य को तत्काल किच्छा रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहां उसकी हालत गंभीर होने पर उसे गुरुग्राम (हरियाणा) के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। इधर, धैर्य के परिजनों ने होटल प्रबंधन और इवेंट कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पंतनगर थाना प्रभारी संजय पाठक ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।