गदरपुर। जिले की 390 ग्राम पंचायतों और 27 न्याय पंचायतों में ग्राम समृद्धि एवं स्वच्छता पखवाड़ा रविवार को शुरू हो गया। शिक्षा एवं खेल मंत्री अरविंद पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी गंगवार और सीडीओ आलोक कुमार पांडेय ने गदरपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत नंदपुर में संयुक्त रूप से पखवाड़े का शुभारंभ किया। कुमाऊं में जनजागरुकता के लिए दो रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
मंत्री अरविंद पांडेय ने कहा कि महात्मा गांधी ने जो सपना देखा था उसे पीएम नरेंद्र मोदी साकार कर रहे हैं। देश जितना साफ और स्वच्छ रहेगा हम उतना ही स्वस्थ रहेंगे। उन्होंने नंदपुर गांव में आंगनबाड़ी भवन बनाने की घोषणा की। जिला पंचायत अध्यक्ष गंगवार ने कहा खुले में शौच जाने की प्रथा को बंद करने के लिये जनपद में बाहर से आने वाले मजदूरों के लिये भी शौचालय बनाए जाएं।
सीडीओ ने पखवाड़े के तहत 15 अक्तूबर तक चलने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। इस मौके पर ग्राम समृद्धि एवं स्वच्छता पखवाड़ा व विकास योजनायें एवं कार्यक्रम पुस्तिका का विमोचन भी किया गया।