काशीपुर। पुलिस और आबकारी विभाग की ओर से अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई न करने से भड़की महिलाएं सीओ कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने की मांग की।
ग्राम गिन्नीखेड़ा की दर्जनों महिलाएं सोमवार को मुरादाबाद रोड स्थित सीओ राजेश भट्ट के कार्यालय में पहुंची। सीओ के रुद्रपुर होने के कारण महिलाओं ने उनके पेशकार को शिकायती पत्र सौंपा। कहा कि गांव में मंदिर के पास शराब माफिया खुलेआम अवैध शराब की बिक्री कर रहे हैं। शराब की बिक्री से गांव में माहौल बिगड़ रहा है।
आरोप है कि इस संबंध में कई बार आईटीआई थाना पुलिस और आबकारी विभाग से शिकायत की जा चुकी है लेकिन शराब बेचने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। सीओ कार्यालय पहुंचने वाली महिलाओं में राधा, सावित्री, ममता देवी, विमला देवी, किशन देई, लीलावती, महेंद्री, आशा, राजू, कमला, कंचन आदि थीं।