लालपुर में उत्तराखंड होम्योपैथिक चिकित्सा निदेशक डॉ. नसरीन फातिमा काजमी ने कहा जल्द ही प्रदेश में 40 चिकित्सालय और दो राजकीय होम्योपैथिक कॉलेज खोले जाएंगे। इससे स्वास्थ्य, चिकित्सा क्षेत्र में लोगों को काफी लाभ मिलेगा।
डॉ. काजमी चंदोला होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में बोल रही थीं। उन्होंने कहा आज भी दूर-दराज क्षेत्र कई ऐसे हैं, जहां चिकित्सा सेवा उपलब्ध नहीं है। मरीजों को दूर जाकर इलाज करवाना पड़ता है। इसे देखते हुए सरकार ने इन क्षेत्रों में चिकित्सा सेवा प्रदान करने का बीड़ा उठाया है। उन्होंने कहा कि होम्योपैथिक चिकित्सा के अच्छे परिणाम सामने आ रहे हैं। इस पद्धति का विस्तार करने की आवश्यकता है।
कालेज प्रबंध निदेशक डॉ. केसी चंदोला ने कहा कि गंभीर असाध्य रोगों के लिए होम्योपैथिक पद्धति काफी कारगर सिद्ध होती है। उन्होंने होम्योपैथिक चिकित्सा को सरकार द्वारा अधिक सुविधाएं मुहैया कराने की मांग की। इस दौरान जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. अक्षय कुमार, डॉ. जौहर घोष, डॉ. अर्चना राय, डॉ. अरुण मिश्रा, डॉ. अर्चना, ंचेतना, शिवकुमारी, दिव्या राजपूत, श्वेता, राजीव कुमार, आभा व्यास सहित अनेक मौजूद रहे। ब्यूरो