रुद्रपुर। नगर पंचायत दिनेशपुर में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए एक करोड़ सात लाख रुपये से निर्माण कार्य कराए जाएंगे। इसके लिए 14 विकास कार्यों का प्रस्ताव संबंधित विभाग को भेजा गया था। स्वीकृति मिलने के बाद नगर पंचायत स्तर पर टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्रस्तावित कार्यों में मुख्य रूप से सड़क और नाली निर्माण को प्राथमिकता दी गई है। क्षेत्र के कई मोहल्लों और वार्डों में लंबे समय से जर्जर सड़क और क्षतिग्रस्त नालियों की समस्या बनी हुई थी जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बारिश के दौरान जलभराव से स्थिति अधिक खराब हो जाती थी। इन निर्माण कार्यों के पूरा होने के बाद न केवल सड़कों की हालत सुधरेगी, बल्कि जल निकासी की व्यवस्था भी बेहतर होगी।
नगर पंचायत अध्यक्ष मनजीत कौर ने बताया कि वार्ड एक के देवभूमि रजत जयंती पार्क में मिट्टी भरान, नाला निर्माण व सड़क चौड़ीकरण, वार्ड दो में नितिन हाल्दार के घर से सोमवीर मिस्त्री के घर तक सीसी रोड, वार्ड तीन में चंदनगढ़ में गुरवंत के घर से लिंक रोड तक इंटरलॉकिंग व थाने के सामने स्थित तालाब किनारे फुटपाथ के लिए मिट्टी भरान किया जाएगा।
इनके अलावा वार्ड चार में काली मंदिर में इंटरलॉकिंग फर्श व अमल घरामी के घर से प्रशांत घरामी के घर तक व राकेश के घर से जयंत सरदार के घर तक सीसी रोड, वार्ड चार में ही गदरपुर दिनेशपुर रोड सोनू बाला के घर से मिथुन दत्त के घर तक नाली मरम्मत, वार्ड पांच में मुख्य बाजार से दुर्गा मंदिर तक सड़क व शिव मंदिर में स्टील रेलिंग, वार्ड सात में ललिता भट्ट के घर से अमृता के घर तक रोड का निर्माण किया जाएगा। इनके अलावा वार्ड नौ में गोविंद के घर से मनीष के घर तक सीसी रोड व नाली निर्माण, वार्ड आठ में मनोज साधू के घर से अनिल राय के घर तक इंटलॉकिंग रोड व नाली निर्माण, वार्ड नौ में ही पिंकी के घर से रानी वैद्य के घर तक सीसी रोड व पुलिस थाने के परिसर में इंटरलॉकिंग फर्श।