मौसम ने शुक्रवार दोपहर को एक बार फिर करवट बदली, लेकिन कुछ किसानों के लिए शायद थोड़ी देर से मौसम बदला। काशीपुर के ग्राम खरमासा में अज्ञात कारणों से लगी आग में पांच किसानों की 15 एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। इसके अलावा सितारगंज के अरविंदनगर गांव आग लगने से ढाई एकड़ गेहूं जलकर नष्ट हो गया।
काशीपुर के ग्राम खरमासा में शुक्रवार सुबह करीब 11:45 बजे गांव के पास स्थित गेहूं के खेतों अज्ञात कारणों से आग लग गई। मंडी अधीक्षक वेदप्रकाश तिवारी एवं ग्राम प्रधान राजेश कुमार को ग्रामीणों ने इसकी सूचना दी। आननफानन में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए, लेकिन आग एक खेत से दूसरे खेतों में बढ़ती गई। ग्राम प्रधान ने बताया कि फायर ब्रिगेड काशीपुर को घटना की सूचना दी गई, लेकिन दमकल की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची। ग्रामीणों ने ही जैसे-तैसे आग पर काबू पाया। प्रधान ने बताया कि आग से रवि कुमार, राजकुमार और शीला देवी की 10 एकड़ जबकि मोहन सिंह एवं कुलदीप शर्मा का ढाई-ढाई एकड़ में लगी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
उधर, सितारगंज में शहर के किच्छा मार्ग पर डॉ. टुरना सर्जिकल अस्पताल के पीछे स्थित खेतों में लगी गेहूं की फसल में आग लग गई। आसपास के लोग आग बुझाने में जुटे। सूचना पर पहुंचे दमकल वाहन ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। इस बीच अस्पताल में भी हड़कंप मचा रहा। अग्निशमन अधिकारी सुरेश चंद्र ने बताया कि अरविंदनगर गांव के नकुल बख्शी पुत्र राजेंद्र बख्शी ने कुलदीप सिंह से बंटाई पर खेत लिया था। करीब चार एकड़ फसल थी, जिसमें से ढाई एकड़ में लगी फसल जल गई। बताया कि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो अस्पताल भी चपेट में आ सकता था। इधर, किसान नकुल ने बताया कि खेत के पास आए दिन नशेड़ी पहुंचते हैं। उन्होंने आशंका जताई कि नशेड़ियों के कारण ही आग लगी होगी। खबर लिखे जाने तक राजस्व कर्मियों ने क्षति का आकलन नहीं किया था।