काशीपुर। रोडवेज चालक बसों को निर्धारित स्थानों पर न लाकर बाइपास से सीधे रुद्रपुर ले जा रहे हैं। इससे जहां यात्रियों को भारी दिक्कतें हो रही है, वहीं परिवहन निगम को भी राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है। शिकायत पर यातायात टीम ने बाइपास से गुजरने वाली विभिन्न डिपों की चार बसों को पकड़ा।
काशीपुर से रुद्रपुर जाने वाली अधिकांश रोडवेज बसें केलाखेड़ा स्टॉप पर न जाकर हाइवे से होते हुए सीधे रुद्रपुर जा रही हैं। इससे जहां केलाखेड़ा से काशीपुर और रुद्रपुर आने-जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं हर महीने निगम को भी लाखों का घाटा झेलना पड़ रहा है।
बावजूद इसके अधिकारी ऐसे कर्मचारियों पर कार्रवाई नहीं कर पा रहे हैं। बीती दो नवंबर को चार यात्रियों ने केलाखेड़ा थाने में बस के कर्मचारियों के खिलाफ दी तहरीर में कहा कि वह काशीपुर से रोडवेज बस में केलाखेड़ा के लिए सवार हुए। लेकिन चालक-परिचालक ने बस केलाखेड़ा न ले जाकर बाइपास से गुजारी। बस केलाखेड़ा में रोकने का अनुरोध करने पर परिचालक ने उनके साथ अभद्रता की।
शिकायतकर्ता ने हरिद्वार, काशीपुर डिपो के एजीएम से भी निगम कर्मचारियों की शिकायत की थी। इसका संज्ञान लेकर काशीपुर एजीएम के निर्देश पर यातायात टीम ने नौ नवंबर को केलाखेड़ा में चेकिंग की, जिसमें दो बसें हरिद्वार, एक पिथौरागढ़, एक काठगोदाम डिपो की बस केलाखेड़ा से सवारी ले जाने के बजाए बाइपास से रुद्रपुर जा रही थी।
केलाखेड़ा के यात्रियों का शिकायती पत्र मिला था। 9 नवंबर को यातायात टीम को केलाखेड़ा भेजकर जांच कराई गई। इसमें हरिद्वार, काठगोदाम, पिथौरागढ़ की बसे केलाखेड़ा नहीं जाकर सीधे निकल गई। चारों बसों की रिपोर्ट बनाकर संबंधित डिपो को भेज दी गई है। कर्मचारियों पर जो भी कार्रवाई होगी संबंधित डिपो अधिकारी करेंगे।
इंद्रासन, सहायक महाप्रबंधक, परिवहन निगम, काशीपुर