छत से गिरकर राजमिस्त्री की मौत
गूलरभोज/गदरपुर। छत के ऊपर कमरों के कॉलम भरते समय गिरने से घायल राज मिस्त्री की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। ग्राम महावीर नगर निवासी राम जीत (24) राज मिस्त्री था। वह आजकल हल्द्वानी की गैर वैशाली कॉलोनी में बन रहे मकान में काम कर रहा था। परिजनों के अनुसार रविवार को कॉलोनी में निर्माण के दौरान कॉलम भरते वक्त वह छत से गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। हल्द्वानी के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान रविवार देर रात उसकी मृत्यु हो गई। मृतक अविवाहित था। सोमवार को उसके गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया।