जसपुर के ग्राम मनोरथपुर की ग्राम प्रधान को उनके पद से हटाए जाने का डीएम का आदेश तामील न होने पर ब्लॉक कर्मियों ने आदेश को उनके घर पर चस्पा कर दिया है।
डीएम नीरज खैरवाल द्वारा गांव में हुए विकास कार्यों की पूर्व में जांच कराई गई। ग्राम मनोरथपुर की ग्राम प्रधान शहनाज को स्वजल परियोजना के तहत कराए गए शौचालय निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाये आवासों तथा मनरेगा के अंतर्गत कराए कार्यों में घोटाला करने का आरोपी माना था। इसी आधार पर बीडीओ डीडी नथवान द्वारा ग्राम प्रधान शहनाज, स्वजल परियोजना अधिकारी गीता मिश्रा, वीडीओ नीरू भारती तथा मनरेगा योजना के जेई विपिन कुमार के खिलाफ सरकारी योजनाओं में घोटाला करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। डीएम द्वारा तीनों अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया था।
एक जुलाई को डीएम ने ग्राम प्रधान को उनके पद से हटा दिया था और बीडीओ को आदेश तामील कराने के आदेश दिए थे। बीडीओ डीडी नथवान ने बताया कि ग्राम प्रधान द्वारा घर पर लगातार न मिलने पर डीएम का आदेश उनके घर पर चस्पा करा दिया गया है।