नानकमत्ता। मैं सिर्फ मोहब्बत का कारोबार करता हूं, इंसान हूूं इंसान से प्यार करता हूं। ऐसी ही एक मिसाल हैं सेना में सूबेदार पद से सेवानिवृत्त मनजिंदर सिंह। उन्होंने क्षेत्र में घूम रहे मानसिक रूप से कमजोर युवक को नहलाकर उसे साफ कपड़े पहनाकर खाना खिलाया। उक्त युवक के साथ नगर के कई लोगों ने सेल्फी भी ली।
बता दें कि क्षेत्र में कुछ दिनों से मानसिक रूप से कमजोर युवक घूम रहा था। उक्त युवक पर अचानक मनजिंदर सिंह की नजर पड़ी तो उन्होंने अपने साथियों गुरबख्श सिंह काका, राजीव कुमार सक्सेना, इंदरपाल सिंह मान, मनीष पाल, राजू राणा की मदद से उक्त युवक को पकड़ा और नाई की दुकान पर ले गए। वहां उन्होंने युवक के बाल कटवाएं और फिर नगर के मुख्य चौराहे पर लगी टंकी पर उसे नहलाया और साफ कपड़े पहनाए। मनजिंदर ने मानवता के इस कार्य से क्षेत्र में एक मिसाल कायम की है। मानसिक रूप से पीड़ित युवक के दाएं हाथ पर ‘फेरु का भइया दुर्गापुर वासुदेव’ गुदा हुआ है। संभावना है कि उक्त युवक बिहार के दुर्गापुर वासुदेव से अपने परिवार से बिछड़ कर यहां पहुंचा होगा।