काशीपुर। दमकल विभाग की टीम ने पब्लिक स्कूलों व कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण अग्निशमन से संबंधित उपकरणों व सुरक्षा इंतजामों का परीक्षण किया। पांच स्थानों पर अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं पाए गए।
अग्नि सुरक्षा के प्रबंध संतोषजनक नहीं पाने पर विभाग ने एक प्ले स्कूल समेत पांच कोचिंग सेंटरों को नोटिस दिए हैं। इनसे एक सप्ताह के भीतर अग्निशमन के मानक पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
गुजरात के सूरत में एक बहुमंजिला इमारत की चौथी मंजिल पर चल रहे कोचिंग सेंटर में हुए अग्निकांड की घटना को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी डॉ. नीरज खैरवाल ने सार्वजनिक कार्यालयों, अस्पतालों, बैंकों, पब्लिक स्कूलों व कोचिंग सेंटरों में अग्निशमन के मानकों का परीक्षण करने के आदेश दिए थे। ताकि उत्तराखंड में सूरत सरीखी दुघर्टनाओं की संभावना से बचा जा सके।
जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में संयुक्त मजिस्ट्रेट हिमांशु खुराना ने दमकल विभाग के अधिकारियों को सुरक्षा इंतजाम परखने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में मंगलवार को अग्निशमन अधिकारी हरीश चंद्र कापड़ी की अगुवाई में टीम के सदस्यों जीवन चंद्र, बालम सिंह व जगदीश प्रसाद ने कोर्ट रोड स्थित मीडिया कॉलेज, आवास विकास स्थित सनराइज एकेडमी, ब्रिटिश एकेडमी, आस्था एकेडमी के अलावा एक प्ले स्कूल का निरीक्षण किया।
मौके पर किसी भी संस्थान में अग्नि सुरक्षा के समुचित प्रबंधों का अभाव देखा गया। विभाग की टीम ने इन सभी संस्थानों को नोटिस जारी कर एक सप्ताह के अंदर अग्नि सुरक्षा के प्रबंध पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
एफएसओ ने बताया कि 27 मई को काशीपुर के कुछ निजी अस्पतालों व स्कूलों का भी निरीक्षण किया गया। अधिकांश संस्थानों में अग्निशमन के उपायों को लेकर उदासीनता पाई गई। टीम ने इन संस्थानों को भी सुरक्षा मानक पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।