खटीमा। युवक के साथ लापता युवती को पुलिस ने एक सप्ताह बाद बरामद कर लिया है। युवती की मांग भरी होने पर मां सकते में आ गई। वह बोली कि उसने प्रेमी से शादी कर ली है। और उसी के संग रहने की जिद की। इस कारण सुबह से दोपहर बाद तक हंगामा होता रहा। एसएसआई ने बताया कि बालिग होने के कारण युवती को युवक के परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार क्षेत्र के एक गांव की युवती के परिजनों ने तहरीर सौंपकर एक युवक पर पुत्री को 21 मई को बहला फुसलाकर भगाने का आरोप लगाया था। इस मामले में कोतवाली पुलिस युवती की तलाश में जुुटी थी।
सोमवार को आरोपी युवक के परिजनों से कोतवाली में पूछताछ की गई। युवक के परिजनों पर दबाव बना तो युवती बरामद हो गई। मंगलवार को कोतवाली में युवती के आने की सूचना पर उसकी मां, बहनें और अन्य रिश्तेदार भी पहुंच गए। मां और रिश्तेदारों की युवती से बात करने को लेकर पुलिस से नोकझोंक हुई। बाद में पुलिस ने मां व अन्य रिश्तेदारों की युवती से बात कराई तो युवती प्रेमी से पति बने युवक के साथ ही रहने की जिद पर अड़ी रही।
बताया कि एक वर्ष से दोनों में प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवक रुद्रपुर की एक फैक्ट्री में काम करता है। दोपहर तक हंगामे के बाद मामला शांत हुआ।
एसएसआई देवेंद्र गौरव ने बताया कि युवती बालिग है और उसकी मर्जी पर उसे युवक के परिजनों की सुपुर्दगी में सौंपा गया है।