सितारगंज। स्टार प्लस, सोनी टीवी और कलर्स के कई धारावाहिकों में मुख्य किरदार निभाने वाली खटीमा की बेटी माधुरी पांडेय अब कलर्स के नागिन-3 शो में धमाल मचा रही हैं।
माधुरी ने पहले गायन और अब अभिनय में अपना लोहा मनवाया है। उनके एलबम शादी अभी बाकी है का जीने मेरिये दिल दी राहें... और इश्क क्लिक फिल्म के अभी अजनबी थे... गानों ने काफी प्रसिद्धि हासिल की है।
माधुरी ने बताया कि वह इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद बॉलीवुड में कॅरिअर बनाने मुंबई चली गई। उन्होंने कई एलबमों में गीत गाए। बालाजी टेलीफिल्मस के दिल ही तो है... सीरियल से उन्होंने खूब सुर्खियां बटोरीं।
सबकी लाडली बेबो शो में उन्होंने मां का किरदार निभाया। इसके अलावा भाभी और दहेज धारावाहिक भी खूब पसंद किए गए। माधुरी ने बताया कि उन्हें कलर्स टीवी पर सबसे अधिक टीआरपी वाले शो नागिन-3 में लीड रोल दिया गया है। माधुरी इस शो में एक ग्लैमरस अवतार में नजर आ रही हैं।
बाल रोग विशेषज्ञ हैं पिता
सितारगंज। माधुरी के पिता डॉ. पीसी पांडेय बाल रोग विशेषज्ञ हैं और खटीमा में ही प्रेक्टिस भी कर रहे हैं। मां गृहिणी हैं तो भाई नोएडा और बहन मुंबई में रहती है। माधुरी को बचपन से ही गायकी का शौक था।