काशीपुर। खुद को सैन्य कर्मी बताकर ओएलएक्स पर स्कूटी बेचने का झांसा देकर साइबर कैफे संचालक से 45 हजार रुपये ठगी का मामला सामने आया है। ठग सिक्योरिटी चार्ज के रूप में 14,420 रुपये और देने की मांग कर रहा है।
टांडा उज्जैन निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह मोहल्ले में साइबर कैफे चलाता है। उसने ओएलएक्स पर एक स्कूटी (नंबर यूके08/एटी 0362) देखी। वहां दिए मोबाइल पर संपर्क करने पर स्कूटी का विज्ञापन देने वाले व्यक्ति ने खुद को देहरादून आर्मी में तैनात बताया।
उक्त व्यक्ति ने स्कूटी की कीमत व ट्रांसपोर्ट व्यय के रूप में 31 हजार रुपये का भुगतान करने को कहा। मोबाइल एप के माध्यम से कैफे संचालक ने उक्त राशि का भुगतान 23 मई को दो किस्तों में (25 हजार व 6 हजार रुपये) में कर दिया।
उसी शाम एक व्यक्ति ने कैफे संचालक को फोनकर बताया कि स्कूटी का पार्सल लेकर उसका दोस्त सुल्तानपुर पहुंच गया है। लेकिन आर्मी का सिक्योरिटी चार्ज 14420 रुपये जमा कराने पर ही उक्त स्कूटी की डिलवरी हो सकेगी। इस पर उसने स्कूटी के कथित स्वामी से संपर्क साधा तो उसने बताया कि यह सेना के नियमों में है। इस राशि में से सिर्फ 20 रुपये की कटौती की जाएगी। शेष 14 हजार की रकम रिफंड कर दी जाएगी। इस पर उसने फोन से 14,420 रुपये उक्त व्यक्ति के नंबर पर ट्रांसफर कर दिए। कुछ देर बाद कथित रूप से पार्सल लाने वाले व्यक्ति ने फोन कर बताया कि आपने गलत तरीके से भुगतान किया है। इसमें सिक्योरिटी चार्ज 20 रुपये अलग व रिफंड होने वाले 14 हजार रुपये का अलग भुगतान किया जाना था। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पीड़ित का आरोप है कि उक्त व्यक्ति लगातार व्हाट्सएप पर चेटिंग कर 14, 420 रुपये जमा कराने का दबाव बना रहा है।