हज जसपुर। हज यात्रा पर जाने वालों का स्वागत कर कांग्रेस पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई दी। मौलानाओं ने हज के नियमों के बारे में बताया। राष्ट्रीय राज मार्ग स्थित बिस्मिल्लाह मैरिज हॉल में कांग्रेस पदाधिकारियों ने हज यात्रियों के लिए प्रशिक्षण और स्वागत समारोह का आयोजन किया। हज के नियमों पर रोशनी डालते हुए मौलाना मुकीमुर्रहमान ने पाबंदी के साथ एहराम बांधने, मस्जिद-ए-नबवी में नमाज अदा करने, सफा मरवा और खाना-ए-काबा के तवाफ के दौरान किए जाने वाले नियमों, छोटे और बड़े शैतान को कंकरियां मारने की जानकारी दी।
इससे पहले कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक आदेश चौहान ने हज यात्रियों का स्वागत कर खुदा के दरबार में देश, प्रदेश एवं अपनों के लिए दुआ की अपील की तथा सकुशल अपने देश वापस लौटने की उम्मीद जताई। नगर अध्यक्ष इख्तियार बब्लू ने बताया कि नगर एवं क्षेत्र के कारीब 60 लोग हज के लिए जा रहे हैं। कारी यामीन ने नाते पाक पढ़ी और अतीकुर्रहमान ने संचालन किया। अंत में मौलाना ने दुआ कराई। वहां मौलाना असीरुद्दीन, गजेंद्र चौहान, डॉ. यूनुस चौधरी, भीष्म गहलौत, मो.नाजिम, नईम अहमद, नौशाद सम्राट, राहुल गहलौत, मो.आरिफ, शाकिर हुसैन, नईमुद्दीन, डॉ.शुभचंद आदि थे।