1,52,300 रुपये की पहली किस्त 11 अक्तूबर तक करनी होगी जमा
प्रदेश के 1387 लोग साल 2026 में सऊदी अरब जाएंगे हज करने
जसपुर। प्रतीक्षा सूची के 142 हज आवेदकों के लिए राहत भरी खबर है। उनका चयन हज-2026 के लिए हो गया है। उन्हें यात्रा से जुड़ी पहली किस्त के 1,52,300 रुपये 11 अक्तूबर तक जमा करने होंगे।
उत्तराखंड राज्य हज समिति के अधिशासी अधिकारी मोहम्मद आरिफ ने बताया कि इस साल प्रदेश के 1491 लोगों ने हज-2026 यात्रा के लिए आवेदन किया था। इसमें 1349 लोगों का चयन हज के लिए हो गया था। शेष 142 आवेदकों को प्रतीक्षा सूची में रखा गया। मंगलवार को हज कमेटी ऑफ इंडिया ने प्रतीक्षा सूची के सभी आवेदकों के आवेदन को स्वीकार कर लिया। ईओ ने बताया कि 1491 आवेदकों में से 104 लोगों ने कई कारणों से हज पर जाने के लिए असमर्थता जताई। इस तरह अब 1387 लोग हज के लिए जाएंगे। हज कमेटी ऑफ इंडिया ने राज्य से 1349 हज आवेदकों का कोटा जारी किया था। उन्होंने बताया कि हज यात्रियों की जेब पर बोझ न पड़े इसके लिए केंद्रीय हज समिति ने चयनित आवेदकों को तीन किस्तों में रकम जमा करने की सहूलियत दी है। पहले के चयनित आवेदकों ने 1,52,300 रुपये की पहली किस्त जमा कर दी है। प्रतीक्षा सूची के चयनित आवेदकों के लिए किस्त जमा करने की तिथि 11 अक्तूबर निर्धारित की गई है। उन्हें हज कमेटी के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया व यूनियन बैंक आफ इंडिया के खाते में रकम जमा करनी होगी। यह रकम हज कमेटी की वेबसाइट पर ऑनलाइन भी जमा की जा सकती है। ऑनलाइन फार्म की हार्ड कॉपी, पे-इन स्लिप, दो फोटो, फिटनेस सर्टिफिकेट सरकारी अस्पताल से प्रमाणित 16 अक्तूबर तक हज हाउस पिरान कलियर के कार्यालय में जमा करना होगा।