रुद्रपुर। कुमाऊं गढ़वाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (केजीसीसीआई) के तत्वावधान में प्रशिक्षण निदेशालय की ओर से एक्मे क्लीनटैक सॉल्यूशन लिमिटेड पंतनगर के सभागार में कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान उद्यमियों को राष्ट्रीय प्रशिक्षु योजना की जानकारी दी गई। उपनिदेशक अप्रेंटिसशिप इंजीनियर मयंक अग्रवाल ने बताया कि भारत सरकार उम्मीदवारों को औद्योगिक क्रियाकलापों में कुशल बनाने के लिए प्रयास कर रही है। इसी क्रम में स्किल इंडिया मिशन पर काम किया रहा है।
सरकार ने नेशनल अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग स्कीम (राष्ट्रीय प्रशिक्षु योजना) और कौशल विकास आदि योजनाएं लागू की हैं। अप्रेंटिसशिप के लिए अभ्यर्थी की उम्र 16 वर्ष से अधिक होने के साथ ही इसमें पंजीकरण कराना जरूरी है। कार्यशालाओं और योजनाओं के तहत प्रशिक्षुओं को संबंधित क्षेत्रों में काम करने के नवीनतम अनुप्रयोगों, प्रक्रियाओं और तरीकों को सिखाया जाता है। उन्होंने अभ्यर्थी के रजिस्ट्रेशन को उद्यमी की ओर से स्वीकार करने की प्रक्रिया को स्लाइड के माध्यम से समझाया।
संचालन केजीसीसीआई के बोर्ड मेंबर कुलदीप सिंह ने किया। वहां आईटीआई से पंकज कुमार, रोहित कुमार वर्मा, क्रांति रौतेला, अक्षय लाल, खुशाल सिंह, आरपी जोशी, अनुज कुमार, दीवान दास, बीएस सहरावत, कुलदीप सिंह, अनूप सिंह, अवनेश यादव, एसएस आनन्द, संजीव तोमर, आरबी बिरादर, सन्तोष कुमार सिंह, धर्मेन्द शर्मा, इंदरजीत सिंह, योगेश जोशी आदि थे।