रुद्रपुर। शिक्षकों एवं कर्मचारियों को सेवाकाल में तीन पदोन्नति और एसीपी का लाभ देने तथा ग्रेड पे बढ़ाने समेत अपनी विभिन्न मांगों को लेकर उत्तराखंड कार्मिक, शिक्षक आउटसोर्स संयुक्त मोर्चा ने चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान कर दिया है।
मांगें पूरी न होने से नाराज मोर्चे ने प्रदेश कार्यकारिणी के आह्वान पर आंदोलन की रणनीति भी तैयार कर ली गई है। तीन अगस्त की शाम जिला मुख्यालय में कैंडल मार्च के साथ आंदोलन का आगाज कर दिया जाएगा।
उत्तराखंड कार्मिक, शिक्षक, आउटसोर्स संयुक्त मोर्चा ने जिलेवार आंदोलन आंदोलन की घोषण करते हुए इसकी सूचना डीएम डॉ. नीरज खैरवाल को भी दी है। मोर्चा के मुख्य संयोजक प्रदीप कुमार जोशी ने कहा है कि 21 जुलाई को प्रदेश कार्यकारिणी की देहरादून में हुई बैठक में मोर्चा की मांगें पूरी नहीं होने से चरणबद्ध आंदोलन करने का निर्णय लिया गया है।
26 जुलाई को जनजागरण कार्यक्रम के बाद तीन अगस्त को शाम छह बजे कलक्ट्रेट में कैंडल मार्च, सात अगस्त को मशाल जुलूस निकाला जाएगा। 13 अगस्त को प्रेस वार्ता के बाद 17 अगस्त को देहरादून परेड ग्राउंड से मुख्यमंत्री आवास तक प्रदेश स्तरीय विशाल आक्रोश रैली निकाली जाएगी।
इसके बाद 23 से 25 अगस्त तक प्रदेश भर में कार्मिक, शिक्षक एवं आउटसोर्स कार्मिक सामूहिक अवकाश लेकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। 27 अगस्त से बेमियादी कार्य बहिष्कार होगा।