काशीपुर। फिरोजपुर निवासी ने डीपीआरओ से ईंट भट्टे के पास आंगनबाड़ी केंद्र बनाए जाने की शिकायत की है। डीपीआरओ के निर्देश पर मंगलवार को बीडीओ ने निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।
फिरोजपुर निवासी जय सिंह गौतम ने शिकायत में बताया कि ग्राम प्रधान की ओर से ईंट भट्टे के पास दो आंगनबाड़ी केंद्र बनाए जा रहे हैं। ईंट भट्टों के प्रदूषण से केंद्र में पढ़ने वालों बच्चों के स्वास्थ्य को खतरा रहेगा। उन्होंने निर्माण में मानकों की अनदेखी का भी आरोप लगाया। शिकायत पर मंगलवार को बीडीओ डॉ. निर्मला जोशी, बाल विकास अधिकारी जानकी कश्यप आदि ने ग्राम फिरोजपुर में आंगनबाड़ी केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।
बीडीओ ने बताया कि इस संबंध में डीपीआरओ को रिपोर्ट भेजी जाएगी। उधर, फिरोजपुर की ग्राम प्रधान सपना गौतम ने कहा कि 10 मार्च 2018 को ग्राम सभा की खुली बैठक में सर्वसम्मति से उक्त स्थल पर आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण का प्रस्ताव पारित किया गया है। उक्त स्थल आबादी के बीचों-बीच है। उन्होंने शिकायतकर्ता के आरोपों को निराधार बताया। ब्यूरो