काशीपुर। खेल व युवा कल्याण विभाग की ओर से खेल महाकुंभ के तहत जिला स्तरीय पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। इस दौरान शानदार प्रदर्शन कर प्रथम स्थान हासिल करने वाले 14 खिलाड़ियों का राज्य स्तर के लिए चयन किया गया है।
बृहस्पतिवार को स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के सहायक निदेशक अनिल द्विवेदी ने किया। इसमें काशीपुर समेत जिले भर से करीब 22 महिला-पुरुष खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
इस दौरान खिलाड़ियों ने दमखम दिखाकर अंडर 14 बालक वर्ग 53 किग्रा में अहद हुसैन, 59 किग्रा में खुशदीप सिंह ने प्रथम स्थान हासिल किया है। वहीं अंडर 19 पुरुष वर्ग 53 किग्रा में शिखर सिंह, 59 किग्रा में मोहम्मद अर्श सिद्दीकी, 66 किग्रा में प्रवेश सिंह, 74 किग्रा में अर्पित कुमार, 82 किग्रा में अंकुश, 93 किग्रा में आर वैष्णव, 105 किग्रा में शदमान अली, 120 किग्रा में हिमेश कुमार प्रथम स्थान प्राप्त किया।
महिला वर्ग 43 किग्रा में अहाना सिंह, 47 किग्रा में रानी सिंह, 52 किग्रा में शीतल, 57 किग्रा में आरिफा सैफी प्रथम स्थान पर रहीं। निर्णायक मंडल में मोहम्मद नदीम, संतोष कौर, दिलशाद हुसैन, मोहम्मद साहिल, बेबी कौर रहे। कोच जसविंदर कौर जस्सी ने बताया कि स्वर्ण पदक जीतने वाले चयनित सभी खिलाड़ी राज्य स्तर पर प्रतिभाग करेंगे। सात-आठ फरवरी को देहरादून में राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ प्रतियोगिता होगी। मौके पर उत्तराखंड पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के सचिव फैयाज अहमद, कोच जसविंदर कौर, मोहम्मद दानिश रहे।