रुद्रपुर। आईपीएल की तर्ज पर कुमाऊं में पहली बार होने जा रहे कुमाऊं प्रीमियर लीग (केपीएल) के लिए बृहस्पतिवार को रुद्रपुर में हुई नीलामी में नैनीताल टाइगर्स की टीम सबसे अधिक 36 हजार रुपये में बिकी। 96 खिलाड़ियों की बोली में 12 क्रिकेटर 20-20 हजार रुपये में सबसे महंगे बिके।
रुद्रपुर में आठ से 13 मई तक चलने वाले केपीएल टूर्नामेंट के लिए छह टीमों और 96 खिलाड़ियों की रामपुर रोड स्थित एक होटल में बोली लगी। टूर्नामेंट में शामिल हो रही टीमों ऊधमसिंह नगर फाइटर्स, नैनीताल टाइगर्स, पिथौरागढ़ पैंथर, अल्मोड़ा रॉयल्स, बागेश्वर डेविल्स और चंपावत वॉरियर्स के लिए पांच हजार रुपये से नीलामी शुरू हुई। सबसे पहले ऊधमसिंह नगर फाइटर्स के लिए नीलामी शुरू हुई टीम की बोली सात हजार से शुरू हुई, जो 35 हजार रुपये तक पहुंचीं। होली चाइल्ड ग्रुप ने इस टीम को खरीदा।
नैनीताल टाइगर्स की टीम को 36 हजार रुपये में चंदोला होम्योपैथिक ने खरीदा। इसी तरह अल्मोड़ा रॉयल्स को 10 हजार रुपये में जय हिंद ग्रुप, बागेश्वर डेविल्स को 10 हजार रुपये में डी बाली ग्रुप, पिथौरागढ़ पैंथर को 10 हजार रुपये में लेक्स इंटरनेशनल और चंपावत वॉरियर्स को 15 हजार रुपये में अमेनिटी पब्लिक स्कूल ने खरीदा।
इसके बाद 225 खिलाड़ियों में से 96 की बोली लगी। नीलामी में नीरज सिंह सौन, जीवन सिंह मेहता, राजेंद्र राना, मयंक मिश्रा, सतेंद्र मिश्रा, प्रिंस राय, पंकज पांडे, नाजिम, सुनील टम्टा, जतिन, प्रियांशु सिंह और प्रियांशगौतम 20-20 हजार रुपये में सबसे महंगे खिलाड़ी के रूप में बिके। केपीएल चेयरमैन नागेंद्र शर्मा ने बताया कि प्रत्येक टीम में 16-16 खिलाड़ियों का चयन हुआ है।
ए और बी ग्रुप में तीन-तीन टीमें शामिल रहेंगी। 13 मई को फाइनल मैच खेला जाएगा। पूर्व क्रिकेटर मदन लाल टूर्नामेंट के ब्रांड एंबेसडर होंगे। एक मैच में पूर्व ऑलराउंडर कपिल देव के पहुंचने की संभावना है। इस दौरान विधायक राजकुमार ठुकराल, सुरेश परिहार, मयंक चौहान, राजकुमार श्रीधर, गिरीश पाठक, भारतभूषण चुघ, इंदर सिंह जेठा, दान सिंह कन्याल आदि थे।
नीरज और राजेंद्र को लॉटरी सिस्टम से खरीदा
रुद्रपुर में केपीएल के लिए ऑलराउंडर जीवन सिंह मेहता और नीरज सिंह सौन की फ्रैंचाइजी मालिकों के बीच काफी डिमांड रही। नीरज को तीन फ्रैंचाइजी मालिकों ने 20 हजार रुपये देकर दावेदारी। बाद में लॉटरी के माध्यम से डी बाली ग्रुप ने खरीदा। इसके अलावा राजेंद्र राणा के लिए दो फ्रैंचाइजी मालिकों ने 20 हजार रुपये में दावेदारी की। लॉटरी सिस्टम के माध्यम से लेक्स इंटरनेशनल ने राजेंद्र को खरीदा।
नैनीताल टाइगर्स के लिए दे सकते थे एक लाख रुपये
रुद्रपुर। नैनीताल टाइगर्स को 36 हजार रुपये में खरीद कर चंदोला होम्योपैथिक के मालिक किशोर चंदोला ने कहा कि वह हर हाल में नैनीताल टाइगर्स को खरीदना चाहते थे। इसके लिए वह एक लाख रुपये देने के लिए भी तैयार थे, लेकिन बोली 36 हजार से आगे नहीं बढ़ सकी। उन्होंने कहा कि नैनीताल से उनका भावनात्मक रिश्ता है। उसका कॅरियर नैनीताल की वजह से ही परवान चढ़ा था।