राष्ट्रीय स्कूल गेम्स में काशीपुर साई के मुक्केबाज खिलाड़ियों ने एक स्वर्ण समेत तीन पदक जीते। चार से आठ दिसंबर तक देहरादून में हुई राष्ट्रीय स्कूल गेम्स बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारतीय खेल प्राधिकरण में प्रशिक्षणरत बॉक्सर संजय कुमार ने 50 किलोग्राम भार वर्ग में पंजाब के बॉक्सर को हराकर स्वर्ण पदक जीता। जबकि आशीष ने 54 किग्रा में और पंकज कुमार ने 66 किग्रा में कांस्य पदक जीता। तीनों खिलाड़ी तीन सालों से साई प्रशिक्षक हरजिंदर सिंह संधू एवं विजय प्रकाश से प्रशिक्षण ले रहे हैं। इसके अलावा पांच से आठ दिसंबर तक मेरठ में आयोजित सीनियर यूपी स्टेट बॉक्सिंग चैंपियनशिप में गोविंद साहनी ने 49 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। सोमवार को काशीपुर पहुंचने पर खिलाड़ियों का स्वागत किया गया। साई प्रभारी चंदन सिंह नेगी, मीरा पंत, देव सिंह, मोहन सिंह, प्रकाश भट्ट, मोहन गिरी ने खिलाड़ियों को बधाई दी। ब्यूरो