काशीपुर। आरओबी निर्माण में बाधा बने विद्युत पोल को स्थानांतरित करने के लिए गड्ढा खुदाई के दौरान बीएसएनएल की भूमिगत केबल कट गई, इससे बैंक सहित छह सौ उपभोक्ता प्रभावित हुए हैं।
रेलवे स्टेशन रोड स्थित एनएच पर रेलवे ओवरब्रिज या आरओबी का निर्माण होना है। इसके लिए सड़क के बीच में विद्युत पोल बाधक बन रहे हैं। जिन्हें स्थानांतरित करने के लिए विद्युत विभाग ने एक कंपनी से अनुबंध किया है। सोमवार रात अनुबंधित कंपनी के कर्मचारियों ने रेलवे स्टेशन रोड पर टांडा तिराहे के पास विद्युत पोल स्थानांतरित करने के लिए गड्ढा खोदा, जिसमें बीएसएनएल की 400 पेयर की चार और 200 पेयर की एक भूमिगत केबल कट गई।
इसके चलते करीब 600 उपभोक्ता प्रभावित हो गए। बीएसएनएल के एसडीओ सर्वेश चौहान ने बताया कि भूमिगत केबल को ठीक करने में दो दिन का समय लगेगा। उधर, ऊर्जा निगम ईई विजय सकारिया ने बताया कि पोलों को शिफ्ट करने के दौरान बीएसएनएल एसडीओ से अपना एक कर्मचारी खड़ा करने को कहा गया था, लेकिन उनका कर्मचारी मौके पर नहीं आया है। कंपनी ठेकेदार से केबल बचाकर पोलों के लिए गड्ढा खोदने के लिए कहा जाएगा।