भाजपा कार्यालय हाइटेक बनेंगे : अजय भट्ट
काशीपुर। यहां रुद्रपुर मार्ग पर स्थित होटल सभागार में शनिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं की जिला स्तरीय बैठक हुई। इसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कार्यकर्ताओं, संगठन के पदाधिकारियों का उत्साह बढ़ाया।
कहा कि देश में भाजपा के 800 और उत्तराखंड में 23 हाइटेक कार्यालय प्रस्तावित हैं। उत्तराखंड में 17 कार्यालयों के लिए भूमि खरीदी जा चुकी है। प्रदेश के पहले कार्यालय के निर्माण का शिलान्यास काशीपुर में हुआ है। यह छह माह में बन जाएगा। यह कार्यालय चार मंजिला अत्याधुनिक होगा।
इसमें बड़ा सभागार, ई-लाइब्रेरी, वीडियो कांफ्रेंस हॉल होंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित पार्टी के नेता वीडियो कांफ्रेंस से सीधे कार्यकर्ताओं से बात कर सकेंगे और संगठन की जानकारी ले सकते हैं।
भट्ट ने कार्यकर्ताओं से वर्ष 2019 के चुनाव के लिए तैयार रहने को कहा। इसके लिए केंद्र, राज्य सरकारों की विकास योजनाओं की जानकारी घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया। भट्ट ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र के लिए लंबा संघर्ष किया है। तभी पार्टी केंद्र सत्ता तक पहुंची है।
कांग्रेस सरकार ने आपातकाल लगाकर लोकतंत्र का गला घोंट दिया था। तब जनसंघ ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए आपातकाल का विरोध किया तो सरकार ने कार्यकर्ताओं को डीआईआर लगा कर जेलों में ठूंस दिया। अत्याचार किए।
कार्यकर्ताओं की कुर्बानी से लोकतंत्र बहाल हुआ। पार्टी नेताओं के संघर्ष से ही भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनी है। बैठक में गुरविंदर चंडोक, मनोज जग्गा, ईश्वर गुप्ता, मंगल सिंह, राजीव कुमार आदि थे।